आजमगढ़। नव जागृति सेवा संस्थान ने अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय, अतरौलिया में व्याप्त भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। जांच में इस बात की पुष्टि भी हुई थी, लेकिन कार्रवाई शासन स्तर पर लंबित है। इसे लेकर एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने सदन में आवाज बुलंद की।
संस्थान ने आरोप लगाया था कि चिकित्सालय के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए धनराशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन, इस धनराशि से खरीदे गए उपकरण, फर्नीचर एवं अन्य सामग्री न केवल मानकों के प्रतिकूल पाए गए, बल्कि शासन के दिशा-निर्देशों का भी उल्लंघन हुआ है।
इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए शासन ने अपर निदेशक (प्रशासन), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उप्र, लखनऊ शिव सहाय को जांच अधिकारी नामित किया गया था। 29 जून 2024 को की गई जांच में संबंधित अधिकारी दोषी भी पाए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस संबंध में वर्तमान एडी हेल्थ डा. वीके सिंह ने कहा कि मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। सोमवार को आफिस खुलने के बाद जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।