आजमगढ़। शहरी क्षेत्र में जिन स्थानों पर खंभे जर्जर हो चुके हैं, उन्हें चिह्नित कराकर बिजली निगम नए बिजनेस प्लान में बदलेगा। जर्जर खंभों के खिलाफ अमर उजाला द्वारा चलाए गए अभियान को विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने संज्ञान में लिया है।
वितरण खंड शहर प्रथम में विभिन्न भार के 70 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंचाने के लिए लोहे और सीमेंट के 65 हजार से अधिक खंभे लगे हैं। सीमेंट के खंभे तो ठीक हैं, लेकिन लोहे के कई खंभे जंग लगने से नीचे से सड़ चुके हैं। इसके अलावा कई जर्जर खंभों के पास दूसरा खंभा लगाया गया है।
निगम इसको बदलने की बजाय इसी के सहारे बिजली की आपूर्ति करता चला आ रहा है। यह जर्जर खंभे कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। शहर के सिधारी, हाइडिल रोड, नरौली, हरबंशपुर, सिविल लाइन, रैदोपुर, कलेक्ट्रेट के पास, चौक, दलालघाट, बदरका, मुकेरीगंज, पहाड़पुर आदि जगहों पर पड़े जर्जर खंभों के खिलाफ अमर उजाला द्वारा चलाए गए अभियान को विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान में लिया है। सभी जर्जर खंभों को हटाकर इनके स्थान पर दूसरा खंभा लगाया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता अपने क्षेत्र के जर्जर खंभों को सर्वे करेंगे। इसकी रिपोर्ट एक्सईएन शहर को देंगे ताकि बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत प्रस्तावित कार्य में उन्हें शामिल कर स्वीकृति के लिए भेजा जा सके।
पिछले वर्ष 250 खंभे बदले गए थे। शहरी क्षेत्र में जिन स्थानों पर खंभे जर्जर हो चुके हैं। उनका क्षेत्र के अवर अभियंताओं के माध्यम से जल्द ही सर्वे कराने का काम शुरू किया जाएगा ताकि नए बिजनेस प्लान में इन्हें शामिल कर बदला जा सके।- रवि अग्रवाल, एक्सईएन शहर।