मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विकास के मामले में आजमगढ़ ने कन्नौज और इटावा को भी पीछे छोड़ दिया है। रिकार्ड साढ़े नौ माह में तैयार हुई इस अत्याधुनिक चीनी मिल में एथेनाल के साथ 15 मेगावाट बिजली उत्पादन भी होगा।
वे सठियाव स्थित दी किसान सहकारी चीनी मिल का उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिले में हाकी स्टेडियम के साथ लाइब्रेरी बनवाने का भी वादा किया। कहा कि शिब्ली कॉलेज की लाइब्रेरी की दशा सुधारने के लिए खोले गए और भी धनराशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतनेवाली पार्टी की सरकार ने देश की गरीबों, किसानों, मजदूरों के लिए अब तक क्या किया। जब कि चार वर्ष पुरानी सपा की सरकार ने तीन वर्षों में ही अपने सभी वादे को पूरा कर दिखाया है।
आजमगढ़ नेताजी का संसदीय क्षेत्र है। जिस समय नेताजी ने मिल की घोषणा की थी, देश में चीनी मिलों की दशा बहुत ही खराब थी, यह मुनाफे का सौदा नहीं था, फिर भी इसे यहां लगाया गया। कहा प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में विकास करने का काम किया है। यमुना एक्सप्रेस वे की चर्चा करते हुए कहा कि यह आजमगढ़, गाजीपुर से होते हुए बलिया तक जाएगी। शिलान्यास के दौरान ही नेताजी ने इसे मात्र 22 माह में तैयार कराने को कहा।
वरना यह 36 माह से पहले तैयार नहीं होती। यह सड़क देश के अन्य प्रांतों की सरकारों के लिए उदाहरण है।17 लाख लैपटॉप बांटने के बाद प्रदेश सरकार ने समाजवादी पेेंशन के लाभार्थियों की संख्या 45 लाख से बढ़ाकर 55 लाख कर दी है। महिलाओं को साड़ी के बदले पेंशन योजना से पांच-पांच सौ रुपये देने का काम हमारी सरकार ने किया है। इस सरकार ने अब तक साढ़े तीन लाख युवाओं को नौकरी दी। सिपाही की नौकरी के लिए जिन 20 लाख युवाओं ने आवेदन किया है उनमें पांच लाख लड़कियां हैं। अब उन्हें कठिन परीक्षा नहीं देनी होगी। उन्होंने आजमगढ़ के अलावा आसपास के जिलों में विकास कार्यों को भी गिनाया।