सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को निरीक्षण भवन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव रंग बदलने में माहिर हो गए हैं और अब उन्हें अपनी पहचान बन चुकी लाल टोपी से भी डर लगने लगा है।
अखिलेश यादव के नीले गमछे के इस्तेमाल पर तंज कसते हुए राजभर ने इसे दलितों को गुमराह करने की कोशिश बताया। उन्होंने लखनऊ गेस्ट हाउस कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सपा कार्यकर्ताओं ने मायावती पर हमला किया था और भाजपा नेताओं ने उनकी जान बचाई थी।
अखिलेश यादव की हाईटेक बस पर कटाक्ष करते हुए राजभर ने कहा कि करीब 20 करोड़ रुपये की गाड़ी इसलिए ली गई है, ताकि दलितों और पिछड़ों से हाथ न मिलाना पड़े। अब बस की छत से निकलकर जनता को सिर्फ ‘टाटा’ करेंगे। माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात की चर्चा पर राजभर ने कहा कि उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई।
डॉ. संजय निषाद से मुलाकात को उन्होंने बीमारी या संकट के समय नेताओं के बीच सामान्य शिष्टाचार बताया। यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क की खबरों को उन्होंने भ्रामक बताया। कहा कि आम नागरिकों व छोटे दुकानदारों पर इसका अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।
इनसेट -
जिले की सियासत में जल्द दिखेगा बड़ा बदलाव : ओमप्रकाश
अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के कोयलसा स्थित एक मैरिज हाल में शनिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के समाज जोड़ो भागीदारी सम्मेलन में संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा गया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर भागीदारी की राजनीति को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आजमगढ़ बुलाकर विशाल जनसभा कराई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है। राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने कहा कि अब समय समाज को जोड़ने और लोगों को सम्मानजनक भागीदारी दिलाने का है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्रनाथ शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत हैं। सम्मेलन में राजकुमार गुप्ता, वकील चौरसिया, हरीबदन प्रजापति, चंदन विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, रंजना शर्मा, कविता राजभर, कमलेश राजभर उर्फ फौजी और कुलदीप राजभर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।