चलती ट्रेनों में लूट करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास बुधवार शाम जीआरपी ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 1.02 लाख रुपये, चार लाख के जेवर और दो मोबाइल मिले।
दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान कैंट थाना क्षेत्र के खरबूजा शहीद नदेसर निवासी विशाल उर्फ विश्वा डोम और आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी निवासी पवन उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विभिन्न रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में यात्रियों के बैग, जेवर और नकदी छीनकर फरार हो जाते थे। जीआरपी को लंबे समय से दोनों की तलाश थी।
जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि विश्वा डोम पर जीआरपी थाने में 32 मामले है जबकि दो चौक थाना में और दो मऊ में दर्ज हैं। जेल से पेरोल पर बाहर आया था। इसके बाद जेल नहीं लौटा। पवन उर्फ काला पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, सात जीआरपी कैंट में और दो आदमपुर थाने में दर्ज हैं।