अफगानी युवक का आजमगढ़ निवासी दोस्त साहबे आलम
आजमगढ़। फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाते समय वाराणसी में गिरफ्तार हुआ अफगानी नागरिक करीब एक सप्ताह पहले से फूलपुर कस्बे में किराए के मकान में रह रहा था। इसके पहले वह फूलपुर के ही चमराडीह में रहता था। शनिवार को पुलिस ने मकान मालिक सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह तलाशने में लगी हैं कि इसका कोई आतंकी कनेक्शन या अन्य किसी गहरी साजिश को अंजाम देने का इरादा तो नहीं था।
अफगानिस्तान का रहने वाला गिरफ्तार आरोपी इबादतुल्ला उर्फ आबिद फूलपुर कस्बे में शबाना आजमी रोड पर स्थित इम्तियाज के मकान में किराए पर रह रहा था। इम्तियाज मूलरूप से अहरौला थाने के भैंसासुर गांव का रहने वाला है। कई बार विदेशों जा चुका है। फूलपुर में जमीन लेकर आलीशान मकान बनाकर रहता है। उसके यहां कई किराएदार दुकान किए हैं। इसी मकान में इम्तियाज की भी छोटी सी चाय की दुकान है। पुलिस के मुताबिक करीब दस दिन पूर्व इम्तियाज के यहां पल्सर सवार एक व्यक्ति अफगानी को लेकर पहुंचा। तभी से वह यहां रह रहा था। उसके कमरे में एक ऊनी कंबल, दस से बारह बिसलेरी पानी की बोतल और रेडिमेड भोजन का पैकैट पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार अफगानी इम्तेयाज के यहां से पहले फूलपुर कोतवाली के चमराडीह के पास किराए पर रहता था। अफगानी नागरिक कितने दिनों से जिले में और कहां-कहां रहा, किन किन लोगों से उसकी दोस्ती है, मकसद क्या है इन सब सवालों के जवाब के लिए पुलिस ने मकान मालिक सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार से भी पुलिस ने दो लोगों को उठाया है। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया पुलिस दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।