आजमगढ़। उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन कानपुर के आह्वान पर वृहस्पतिवार को दी टैक्स बार एसोसिएशन के मड़या स्थित वाणिज्य कर कार्यालय के प्रांगण में जीएसटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर शिवदत्त प्रसाद यादव की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जीएसटी विधान की समस्याओं के कारण व्यापारी वर्ग के ऊपर कर देने के साथ-साथ दंड देने की भी कार्यवाही की जा रही है। जिसके कारण व्यापारी पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। जिसका अप्रत्यक्ष प्रभाव सामान्य जनता पर भी पड़ रहा है। कहा कि विधान की ऐसी व्यवस्थाएं की गई है कि उससे व्यापारी और अधिवक्ता का आर्थिक और मानसिक दोहन बढ़ाता जा रहा है। उसका कारोबार चौपट होकर बंद होने के कगार पर पहुंच रहा है। व्यापारियों का पंजीयन बिना कारण बताए खारिज कर दिया जा रहा है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि समस्याओं के निराकरण के लिए अगर शीध्र कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता संघर्ष करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य अवधेश चंद्र श्रीवास्तव, भरत अग्रवाल, सत्य प्रकाश गुप्ता, मोहम्मद इरफान, विनोद शर्मा, सतीश चंद्र गुप्ता, उमेश श्रीवास्तव, बद्री प्रसाद गुप्ता सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।