बूढ़नपुर। तहसील परिसर में मंगलवार शाम आरोप है कि अधिवक्ता ने अपने ही फरियादी को तहसील परिसर में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पीड़ित अधिवक्ता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
अहरौला थाना क्षेत्र के कोठरा गांव निवासी पीड़ित श्याम नाथ ने बताया कि उसने केसीसी लोन की प्रक्रिया के लिए बैंक के अधिवक्ता को अपनी पत्रावली, खतौनी, स्टांप पेपर और एक हजार रुपये नकद दिए थे। एक सप्ताह बाद जब वह दस्तावेज लेने पहुंचा तो अधिवक्ता ने पत्रावली खो जाने की बात कही और नए सिरे से कागजात देने को कहा। आरोप है कि बाद में दस्तावेज मांगने पर अधिवक्ता ने गाली-गलौज करते हुए अतिरिक्त पैसे की मांग की और विरोध करने पर मारपीट कर की। श्याम नाथ ने बताया कि वह गांव का पूर्व प्रधान है और सम्मानपूर्वक बात कर रहा था, लेकिन अधिवक्ता ने उसे तहसील परिसर में घसीटकर पीटा और धमकी दी। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भागा और घटना की शिकायत थाना कप्तानगंज में की। वहीं, बार एसोसिएशन के मंत्री जगत नारायण तिवारी ने कहा कि फरियादी द्वारा अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था, जिसके चलते यह घटना हुई। कप्तानगंज थानाध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।