नगर पंचायत माहुल में बोर्ड बैठक में शामिल लोग। संवाद
- फोटो : जिला चिकित्सालय में एलर्जी के मरीज का परीक्षण करते चिकित्सक।
अंबारी। नगर पंचायत माहुल के सभागार में बुधवार को चेयरमैन लियाकत अली की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में अवैध प्लाॅटिंग और जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी का मुद्दा छाया रहा।
बैठक की शुरुआत में शासन की ओर से नामित सभासदों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न वार्डों के सभासदों ने बिजली, पानी, सड़क और जलनिकासी जैसी स्थानीय समस्याओं को लेकर अपने-अपने प्रस्ताव रखे। वार्ड संख्या छह के सभासद बेलाल अहमद ने विद्यालयों में चल रही प्रवेश प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि फूलपुर तहसील में जन्म प्रमाण-पत्र समय से न बनने के कारण अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे पर सभी सभासदों ने एकमत होकर जिलाधिकारी से सामूहिक शिकायत करने का निर्णय लिया। वहीं, सभासद दिलीप सिंह ने नगर के विभिन्न वार्डों में हो रही अवैध प्लाटिंग को गंभीर समस्या बताया।
आरोप लगाया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के ही जमीन की बिक्री की जा रही है। इस पर अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र ने आश्वासन दिया कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।