निजामाबाद/ सरायमीर। तहसील निजामाबाद के धनियाकुंडी गांव में बुधवार की देर शाम सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोलर चला।
क्षेत्र के धनियाकुंडी गांव में नवीन परती भूमि पर अवैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा था। इसकी शिकायत एसडीएम संत रंजन से की गई। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेज कर निर्माण रुकवा दिया। निर्माण रोकने के बाद भी रात के समय मनोज और उसके परिजन चोरी छिपे नींव का निर्माण कर रहे थे।
एसडीएम ने नायब तहसीलदार और थानाध्यक्ष तहबरपुर को मौके पर भेजा तो वहां पर काम चल रहा था। जब नायब तहसीलदार ने उक्त जमीन पर निर्माण कराने के बाबत अधिकार अभिलेख दिखाने को कहा तो अतिक्रमणकारी ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद टीम ने बुलडोजर से अवैध निर्माण को गिरा कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया।