आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) की बैठक मंगलवार को मुकेरीगंज स्थित कार्यालय में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष जामवंत निषाद की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन के पदाधिकारियों ने प्रभारी डीआईओएस की संपत्ति की जांच करने की मांग की। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जब से प्रभारी डीआईओएस ने कार्यभार संभाला है तब से कार्यालय में भ्रष्टाचार बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि 19 जनवरी 2026 को शाम समस्याओं को लेकर वार्ता चल रही थी। प्रवक्ता विजयी राम के चयन वेतनमान में डीआईओएस द्वारा प्रस्ताव की मांग की जा रही है जबकि एक्ट और शासनादेश में कहीं भी चयन वेतनमान के लिए प्रस्ताव को नहीं लिखा गया है। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष जामवंत निषाद ने कहा कि शिक्षकों व कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को डीआईओएस को एक जनवरी 2026 को प्राप्त करा दिया गया है, लेकिन अभी तक किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिक्षक नेताओं ने डीआईओएस की संपत्ति की जांच कराने की मांग किया। इस मौके पर रामजन्म सिंह, शेर बहादुर सिंह यादव, अबरार अहमद, अतुल सिंह, महमूद इरफान, विजय कुमार आदि मौजूद थे।