विवाद के बाद गोपालपुर में तैनात पीएसी चक्रमण करते हुए। संवाद
मेंहनगर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित गौतम नगर चट्टी पर स्मृति द्वार से विश्व हिंदू परिषद का झंडा उतारकर भीम आर्मी का झंडा लगाने को लेकर दो वर्गों में हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए 26वीं वाहिनी गोरखपुर की डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात की गई है।
प्लाटून कमांडर देवेंद्र यादव के नेतृत्व में पीएसी बल क्षेत्र में मुस्तैद है। वहीं, एसडीएम मेंहनगर प्रशांत कुमार और इंस्पेक्टर निहाल नंदन सिंह लगातार क्षेत्र में चेकिंग कर रहे हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। हालांकि गांव में फिलहाल शांति है, लेकिन अफवाहों के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क बना हुआ है। सोमवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने गोपालपुर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और सभी से शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आग्रह भी किया। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि गांव में विवाद की स्थिति को देखते हुए पीएसी तैनात की गई है।