विधान सभा चुनाव की मतगणना के दौरान हंगामा करने व मतगणना में लगे लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में दो मुकदमे जहानागंज और सिधारी थाने में दर्ज हुए हैं। दोनों मुकदमों में पुलिस अब कार्रवाई की कवायद में जुट गई है। मौजूद साक्ष्यों आदि के आधार पर हंगामा करने वालों को चिह्नित करने की कवायद में पुलिस जुट गई है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मतगणना स्थल चकवल के बाहर बीएसएनएल के साथ कांट्रेक्ट पर कार्य करने वाले पीयूष यादव के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता की थी। इस बाबत 11 मार्च को जहानागंज थाने में एक राजनैतिक दल के 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं मतगणना स्थल बेलईसा पर बीडीओ की गाड़ी पर पथराव कर शीशा तोड़े जाने की घटना हुई थी। इस मामले में सिधारी थाने पर तीन नामजद समेत 100 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इन दोनों मामलों की विवेचना शुरू कर दी गई है और मौजूद साक्ष्य वीडियो आदि के आधार पर लोगों की पहचान करना शुरू कर दिया गया है। जल्द ही दर्ज मुकदमों के आधार पर कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी।