कोटिला स्थित सर्किट हाऊस में मंगलवार को समीक्षा करने के बाद सूबे के लोक निर्माण मंत्री व सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने जिले के देवरांचल में व्याप्त बाढ़ की विभीषका को समाप्त करने के लिए नदी की धारा को सीधी करने का आदेश दिया। बोले इस समस्या के निदान के लिए प्राथमिकता से कार्य शुरू किया जाए।
इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से मिली सूची और शिकायत पर अंबारी-बरदह मार्ग का निर्माण कराने वाले ठेकेदार के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने और धनराशि को रिकवरी करने का आदेश दिया। साथ ही जिले के किसानों की पुसल सिंचाई समस्या को दूर करने के लिए 50 नए ट्यूबवेल लगवाने का आदेश दिया।
सौगात के रूप में उन्होंने जिला मुख्यालय पर पुरानी कलेक्ट्री से दीवानी कचहरी के बीच नया ओवर ब्रिज बनवाने के लिए प्रस्ताव बनाने, निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करके तैयार करने का आदेश भी दिया।
शिवपाल सिंह यादव ने समीक्षा बैठक में कहा कि सगड़ी तहसील का देवरांचल बाढ़ की विभीषिका से तबाह रहता है। ऐसे में महुला-गढ़वल बांध के पहले नदी को सीधा किया जाए। इसके लिए उन्होंने सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को कार्ययोजना तैयार कराकर अमल में लाने का आदेश दिया। बोले इस कार्य को प्राथमिकता पर रखा जाए।
ताकि उस क्षेत्र के किसानों को बाढ़ की समस्या से निजात मिल सके। नदी को सीधा करना ही समस्या का स्थायी निदान है। इसके अलावा प्रत्येक विधान सभा क्षेत्रों में नए टयूबेल लगाने का निर्देश सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव और सम्बन्धित अधिकारी को दिया।
समीक्षा के दौरान शिवपाल ने जिले की सड़को की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। साथ ही प्रमुख सचिव पीडब्लूडी किशन सिंह अटौरिया को निर्देशित किया कि वे जिले में विभागीय दो हाट मिक्स प्लान्ट की स्थापना कराएं।
उन्होंने अम्बारी-बरदह मार्ग की खराब निर्माण कराने के लिए दोषी राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों, ठेकेदार के विरुद्ध जांच कराने, रिपोर्ट दर्ज कराने और गिरफ्तारी कर पैसे की रिकवरी कराने का आदेश दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो ठेकेदार कार्यो में लापरवाही बरत रहा है, उसे चेतावनी के बाद ब्लैक लिस्टेट करें।
प्रमुख सचिव पीडब्लूडी को निर्देश दिया कि जनपद की कोई भी महत्वपूर्ण सड़क खराब नही रहनी चाहिए। बोले ऐसी सड़क बनाई जाए जो कम से कम 10 वर्ष चलें। कहा कि निर्माण कार्य बेहतर होना चाहिए पैसे की कोई कमी आड़े नहीं आएगी।
समीक्षा बैठक में कारागार मंत्री बलराम यादव, परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री वसीम अहमद, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा, विधायक डा. संग्राम यादव, अभय नरायन पटेल, श्याम बहादुर यादव, बृजलाल सोनकर, प्रमुख सचिव सिंचाई दीपक सेंगर, प्रमुख सचिव लोनिवि किसन सिंह अटोरिया, प्रमुख अभियंता लोनिवि एके गुप्ता, प्रमुख अभियंता सिंचाई एके जुड़ेजा मौजूद रहे।