निरीक्षण के दौरान समय से पूर्व विद्यालय बंद मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने शुक्रवार को तीन विद्यालयों के सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि किसी ने शुक्रवार की शाम लगभग तीन बजे जिलाधिकारी को फोन कर बिलरियागंज विकास खंड के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय जिगिना करमनपुर के बंद होने की सूचना दी। उनके निर्देश पर जब मेरे द्वारा इसकी जांच कराई गई तो दोनों विद्यालय बंद पाए गए।
विद्यालय स्टाफ को जब निरीक्षण की सूचना मिली तो वह दोबारा विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम लगभग 3.40 बजे उनके द्वारा प्राथमिक विद्यालय नीबी शहर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिला था। इसे लापरवाही मानते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा तीनों विद्यालयों के समस्त स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जारी किया।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों को चेतावनी दी है कि भले ही परीक्षा चल रही है लेकिन विद्यालय के खुलने और बंद होने के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। अगर समय से पूर्व कोई विद्यालय बंद पाया जाता है तो संबंधित प्रधानाध्यापक को निलंबित किया जाएगा।