यूपी पुलिस के डायल 112 पर आजमगढ़ रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने अतरौलिया थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी मो. फारुकी व उसके दामाद एजाज अहमद को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के डायल 112 पर आरोपी एजाज अहमद ने अपने ससुर के मोबाइल से फोन कर धमकी दी थी। वहीं स्टेशन पर सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- Azamgarh news: आजमगढ़ स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, दहशत का माहौल, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शासन की ओर से पुलिस की डायल 112 हेल्प लाइन नंबर संचालित हो रही है। ताकि लोगों को तत्काल मदद मिल सके। वहीं शुक्रवार की सुबह पुलिस के डायल 112 पर किसी ने फोन कर स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई। उधर जिले की पुलिस भी हरकत में आ गई। देखते ही देखते स्टेशन छावनी में तब्दील हो गई। उधर फोन करने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस जुट गई। मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस अतरौलिया थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव पहुंची। पुलिस ने जिस नंबर से फोन आया था उसे और उसके दामाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मो.फारुकी के नाम से सिमकार्ड है, जिससे उनके दामाद एजाज अहमद ने फोन किया था। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
यूपी डायल 112 पर फोन कर स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। स्टेशन पर सुरक्षा-व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।-
अनुराग आर्य, एसपी आजमगढ़।