बरदह। तहसील मार्टीनगंज में शनिवार को आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम नोनारी निवासी महमूद आलम ने शिकायती पत्र देकर विपक्षी पक्ष पर न्यायालय में फर्जी एवं त्रुटिपूर्ण वकालतनामा दाखिल कर कोर्ट को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता महमूद आलम ने बताया कि मार्टीनगंज तहसील में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 34 के तहत विचाराधीन है। इसमें विपक्षी पक्ष द्वारा नया वकालतनामा प्रस्तुत किया गया है। इस दस्तावेज पर तस्लीम कौसर के वास्तविक हस्ताक्षर के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। पीड़ित ने दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ बताया कि प्रस्तुत वकालतनामा न केवल फर्जी है बल्कि कानूनी रूप से भी अधूरा है। इसमें अधिवक्ता के हस्ताक्षर नहीं हैं, वकील का पंजीकरण क्रमांक अंकित नहीं है, साथ ही वाद संख्या और न्यायालय का नाम भी दर्ज नहीं किया गया है।
महमूद आलम ने प्रशासन से मांग की है कि संदिग्ध वकालतनामे की गहन जांच कराई जाए और हस्ताक्षरों की सत्यता की पुष्टि के लिए इसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाए। उन्होंने फर्जी दस्तावेज को तत्काल निरस्त करने तथा इसमें संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम दिव्या सिकरवार ने बताया कि हमें शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।