आजमगढ़। योग वेलनेस सेंटर में योग प्रशिक्षक व योग सहायक के लिए भर्ती प्रक्रिया में चहेतों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रवि प्रकाश यादव के नेतृत्व में कमिश्नर और डीएम को अभ्यर्थियों ने शिकायती पत्र सौंपा। प्रकरण में साक्षात्कार में बरती गई अनियमितता की जांच कर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री को भी एक ज्ञापन भेजकर मामले की जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई कराने के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
शहर से सटे कोलबाजबहादुर गांव निवासी अभ्यर्थी रवि प्रकाश यादव ने बताया कि जनवरी को कार्यालय क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी की ओर से योग वेलनेस सेंटर में योग प्रशिक्षक और योग सहायक के लिए संविदा भर्ती निकाली गई थी। इसमें फार्म भरकर सैकड़ों आवेदन किए गए थे। साक्षात्कार की तिथि पांच अगस्त कलेक्ट्रेट परिसर में एडीएम वित्त राजस्व के देखरेख में तय थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि विभाग द्वारा बगैर किसी सूचना के ही अपने चहेतों को बुलाकर साक्षात्कार मनमाने ढंग से करा लिया गया। जानकारी मिली कि शिक्षक के लिए मात्र पांच लोग ही साक्षात्कार में शामिल हुए हैं। योग सहायक के लिए मात्र एक अभ्यर्थी को ही विभाग ने सूचना दी। ये नियम विरूद्ध है। ऐसे में उक्त साक्षात्कार को निरस्त कर नए साक्षात्कार की तिथि घोषित करनी चाहिए। इसके अलावा शिकायतकर्ताओं ने पांच अगस्त को संपन्न कराए गए साक्षात्कार की निष्पक्ष जांच की मांग की।