अहरौला थाना क्षेत्र में फर्जी और कूटरचित स्टांप पेपर तैयार कर जमीन का धोखाधड़ीपूर्वक दानपत्र कराने के मामले में पुलिस ने आरोपी कपिलनाथ सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन का पहले ही बैनामा और इकरारनामा होने की जानकारी छिपाकर उसे पूर्व के सभी विवादों से मुक्त दर्शाया गया और बेटे के नाम दानपत्र निष्पादित करा दिया गया था।
अहरौला थाना प्रभारी राम किशोर शर्मा ने बताया कि बाकरकोल गांव निवासी सुरेंद्र चौबे ने 28 नवंबर को थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि गांव स्थित जमीन का पूर्व में बैनामा और इकरारनामा किया जा चुका था। इसके बावजूद तथ्यों को छिपाकर 20 अक्तूबर 2023 को फर्जी और कूटरचित स्टांप पेपर तैयार किया गया और राजकुमार सिंह के नाम हिब्बानामा यानी दानपत्र निष्पादित कर दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। रविवार को उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में थे। पुलिस ने मड़ना पुलिया से सुबह करीब 11.15 बजे कपिलनाथ सिंह (58) निवासी अरुषा, थाना अहरौला को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अयोध्या कोतवाली में भी वर्ष 2024 में मारपीट, दहेज उत्पीड़न और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।