आजमगढ़। जमालपुर नई बस्ती में बुधवार रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद सुबह करीब छह बजे महज दस मिनट के लिए बिजली आई, लेकिन फिर चली गई। इससे भीषण गर्मी में मोहल्लेवासी रातभर परेशान रहे।
मुहल्ले के जितेंद्र नाथ, राजेंद्र यादव, अखिलेश और जयप्रकाश पांडेय ने बताया कि जमालपुर नई बस्ती में 75 से अधिक घर हैं। मोहल्ले में बिजली आपूर्ति के लिए लगाया गया एबीसी केबल अत्यधिक गर्मी और ओवरलोड के कारण पिघल गया, जिससे आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
बृहस्पतिवार को बिजली निगम की टीम ने खराब हुए एबीसी केबल को बदला। इसके बाद दोपहर लगभग एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली न रहने से रात में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय बच्चों की पढ़ाई और नौकरीपेशा लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए। लोगों ने बताया कि वोल्टेज सही नहीं रहता। क्षेत्र में एलटी लाइन के नंगे तार कई जगहों पर जर्जर स्थिति में हैं।
वहीं, एबीसी केबल भी खराब हो चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से समय रहते इन्हें बदला नहीं जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो सकती है।