आजमगढ़। प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने को लेकर योगी सरकार के विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में प्राथमिक पाठशाला पल्हनी ब्लॉक के मकदूमपुर में प्रदर्शन किया।
राजेश यादव ने कहा कि योगी सरकार 27 हजार शराब की दुकानें खोलकर 27000 सरकारी स्कूलों को बंद करने जा रही है आम आदमी पार्टी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी। सरकार के इस तुगलकी फरमान के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करने उतर आई है। पार्टी इसके लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दो अगस्त को इस मुद्दे को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में स्कूल बचाओ आंदोलन करेगी। उन्होंने सभी से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। प्रदर्शन में संजय मौर्य बाबूराम, अमरनाथ यादव, संजय यादव, राम प्रसाद यादव, उमेश यादव आदि शामिल हुए थे।