रानी की सराय। स्थानीय थाना पुलिस ने गांजा की तस्करी करते एक युवक को रविवार की रात रंगे हाथों धर दबोचा। उसके पास से सवा किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़ा गया युवक हिस्ट्रीशीटर है। उसकी तलाश पुलिस काफी दिनों से थी।
रानी की सराय थाना पुलिस सोमवार की रात क्षेत्र भ्रमण पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर उसकी तस्करी करने के लिए निकला हुआ है जो ऊंची गोदाम से मेंहनगर जाने वाले मार्ग पर काजी भीटी गांव के पास मौजूद है और गांजा की तस्करी के लिए किसी का इंतजार कर रहा है। एसओ रामायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही पकड़ा गया युवक भागने लगा जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से सवा किलो गांजा की खेप बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय यादव निवासी जमालपुर भेलखरा थाना रानी की सराय बताया। पकड़ा गया युवक हिस्ट्रीशीटर निकला। उस पर लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट, पुलिस टीम पर फायरिंग समेत कई संगीन आरोपों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर रानी की सराय थाना पुलिस ने गैंगेस्टर भी लगाया हुआ है। उसकी पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में उसका चालान कर दिया है।