जहानागंज के महुआ मोड़ पर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद शव को लेकर सड़क जाम करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
जहानागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के नाजिरपुर सरायां गांव के पास मंगलवार को दिन में ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर महुजा महुआ मोड़ पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। घटना के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया था। जिसे ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। एक घंटे पर सीओ सदर ने पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और पुलिस ने शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया।
नाजिरपुर सरैयां गांव निवासी गौतम उर्फ कल्लू (20) मंगलवार को दिन में तीन बजे पैदल महुआ मोड़ बाजार जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास ही एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया। ट्रैक्टर से कुचल कर गौतम गंभीररुप से घायल हो गया था। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल पीएचसी सठियांव ले गए जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर महुआ मोड़ पहुंचे और शव को सड़क पर रख कर सठियांव-जहानागंज मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही जहानागंज के साथ ही मुबारकपुर व शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सीओ ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने एक घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मां-बाप का इकलौता पुत्र था।