आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक भाग गया था। उसे पुलिस ने कुछ घंटे के बाद गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी गाजीपुर जनपद के सैदपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी सुनील यादव है।
जानकारी मुताबिक, उंचहुआ गांव निवासी सीताराम यादव ने तरवां थाने में तहरीर दी कि एक दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 6.20 बजे उनका 22 वर्षीय पुत्र रोहित यादव शौच के लिए गया था। इसी दौरान रासेपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रोहित को चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के आधार पर प्राथमिकी करते हुए विवेचना उपनिरीक्षक रमेश सिंह को सौंपी गई।
उपनिरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की ओर से घटनास्थल के आसपास जांच की जा रही थी कि तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक ऊंचहुआ पुल से लगभग दो किलोमीटर रासेपुर की ओर खड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति वहां आया। उसने स्वयं को ट्रक चालक बताते हुए बताया कि भीड़ के डर से वह वाहन छोड़कर दूर से नजर रख रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान गाजीपुर जनपद के सैदपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी सुनील यादव के रूप में हुई।