जीयनपुर क्षेत्र के मेघई खास गांव के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक प्रिंस कुमार (21) की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद जीयनपुर थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। जीयनपुर के भटौली इब्राहिमपुर गांव निवासी प्रिंस कुमार (21), गांव के आकाश (17), राजेश (24), सुजीत कुमार (24) सोमवार को बाइक से अजमतगढ़ गए थे। वहां से वापस लौट रहे थे। मेघई खास गांव के पास थे कि ट्रक ने धक्का मार दिया। इस हादसे में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आकाश और सुजीत घायल हो गए। स्थानीय लोग घायलों को सीएचसी जीयनपुर ले गए। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटनास्थल पर जुटी भीड़ ने सड़क पर ब्रेकर बनाने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग के लिए सड़क जाम कर दिए। लगभग एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार आदर्श सिंह मौके पर पहुंचे। भीड़ को समझाकर सड़क जाम खाली कराया। मृतक दो भाई और दो बहन में छोटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रोडवेज बस में ट्रेलर ने मारा धक्का, तीन यात्री घायल
लालगंज। देवगांव थाना क्षेत्र में रविवार की रात में एनएच-233 पर देवगांव बाजार के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर ने पीछे से रोडवेज बस में टक्कर मार दिया। हादसे में बस में सवार सरिता सिंह (50), शीला सिंह (60), आशा सिंह (65) निवासी पिपरी बूढ़नपुर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल लालगंज भेजा। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि बस और ट्रेलर को थाने लगाया गया है। घायलों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ओवरटेक करने के दौरान पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, हादसे में युवक की गई जान
देवगांव। सारंगपुर (चेवार) गांव निवासी अमित सिंह की जौनपुर जिले के कनौरा गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अमित सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी थी। अमित की मौत से दोनों परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमित सिंह रविवार की सुबह वाराणसी से बाइक से घर लौट रहे थे। कनौरा गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अमित घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने सौ शैय्या अस्पताल लालगंज ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वाराणसी जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अमित के पिता की भी लगभग 25 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। घर में अब सिर्फ उनकी मां बची हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक की टक्कर से ऑटो चालक सहित दो घायल
लालगंज। देवगांव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर सोमवार की भोर में हुए सड़क हादसे में ऑटो चालक सहित दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। वहीं, क्षतिग्रस्त ऑटो को रास्ते से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वाराणसी जिले के पंचकोसी सारनाथ निवासी आशीष चौहान (24) सोमवार की सुबह वाराणसी से आजमगढ़ जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव निवासी राजेश गुप्ता को लेकर उनके घर जा रहा था। वह ऑटो लेकर जैसे ही बेसों नदी पुल से कुछ दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, घायलों को उपचार के लिए संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल लालगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के कारण आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। देवगांव थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।