ठेकमा। जिवली-देवगांव मार्ग पर पारा गांव के मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना क्षेत्र के जिवली–देवगांव सड़क मार्ग पर पारा गांव मोड़ के पास शनिवार भोर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पुरसुंडी गांव निवासी बबलू वनवासी (40) पुत्र रामचंदर की मौत हो गई। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने फोटो से मृतक की पहचान की। परिजनों के अनुसार बबलू शुक्रवार रात घर नहीं लौटे थे, परिजन यह मानकर चल रहे थे कि वह पाही पर रुके होंगे। मृतक के चार पुत्रियां और एक पुत्र है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।