पवन कुमार यादव, मृतक की फाइल फोटो। संवाद
बरदह। दीदारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कादनपुर निवासी युवक (20) की औरंगाबाद में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक पवन कुमार यादव के पिता रामसहारे यादव ने बताया कि उनका बेटा पवन अपने सगे मामा चंद्रशेखर यादव के साथ ट्रक पर रहकर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। वह औरंगाबाद में एक निजी होटल के पास ट्रक पर खड़ा कर नहा रहा था। नहाने के बाद वह कपड़ा फैला रहा था।
इसी दौरान कपड़ा अचानक हाईटेंशन बिजली के तार से छू गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना बुधवार शाम लगभग 7 बजे की बताई जा रही है। पवन परिवार का इकलौते बेटा था, दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। बहनें साधना यादव और मेनका की अभी शादी नहीं हुई है।
इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद पवन परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए बाहर काम करने लगा था। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके पैतृक गांव कादनपुर लाया जाएगा। असमय मौत की सूचना से मां मीरा देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रामसहारे यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा इकलौता चिराग बुझ गया, अब हम किसके सहारे जीवन बिताएंगे।” संवाद