बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज स्थित बस स्टेशन के पीछे शुक्रवार की शाम एक होटल में काम कर रहे बरदह थाना क्षेत्र के सोहौली जगदीशपुर गांव निवासी अमित प्रजापति (26) मजदूर की पाइट से गिरकर मौत हो गई।
मृतक के भाई सुखदेव ने बताया कि अमित मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाता था। एक सप्ताह से ठेकेदार अतुल के साथ बस स्टेशन के पीछे एक होटल में खिड़की पर एल्युमिनियम की पट्टी लगाने का काम कर रहे थे। शुक्रवार की शाम पाइट पर चढ़कर काम करते समय अचानक पैर फिसल गया और अमित पाइट से नीचे गिरकर घायल हो गया। हालत गंभीर देखते साथी मजदूरों ने आनन-फानन अमित को लेकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मृतक मजदूर के परिजनों को दी गई। कुछ देर बाद परिजन रोते-बिलखते पहुंचे। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस पहुंची थी और अस्पताल भेजवाया था। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। संवाद