निजामाबाद। महर्षि दत्तात्रेय धाम स्थित तमसा और कुंवर नदी के संगम पर सोमवार को पातालपुरी महादेव मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। वजीरमलपुर निवासी सरवन प्रजापति (16) की नदी में डूबने से मौत हो गई। निजामाबाद थाने का प्रभार संभाल रहे चंद्रजीत यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरवन अपने बड़े भाई और दोस्तों के साथ जलाभिषेक के बाद संगम पर स्नान करने गया था। नहाते समय उसने ऊपर से नदी में छलांग लगा दी। इसी दौरान उसके सिर में चोट लगने की आशंका है जिससे वह पानी में समा गया।
निजामाबाद थाने का प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से करीब आधे घंटे की तलाश के बाद सरवन को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने सरवन को मृत घोषित कर दिया। सरवन दो भाइयों में सबसे छोटा था। घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।