09 अहरौला के चांदनी चौक बाजार में मृतक बक्सा कारीगर रत्नाकर पांडेय की फाइल फोटो। संवाद
अहरौला। थाना क्षेत्र के चांदनी चौक बाजार में शुक्रवार देर रात बक्सा निर्माण की दुकान पर काम कर रहे एक कारीगर की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कारीगर प्रेशर मशीन का स्टार्टर बंद करने गया था। स्टार्टर में करंट आने से उसकी मौत हो गई। अंबेडकरनगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी रत्नाकर पांडेय (38) दुकान पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह चार-पांच माह से अहरौला थाना क्षेत्र के चांदनी चौक बाजार में पंकज गुप्ता की बक्सा निर्माण करने वाली दुकान पर बतौर कारीगर काम कर रहे थे।
शुक्रवार शाम वे बक्से के निर्माण कार्य में व्यस्त थे कि अचानक प्रेशर मशीन का स्टार्टर बंद हो गया। परिजनों ने बताया कि वह बक्सा बनाने का कार्य भूतल पर कर रहे थे। ऊपर बाइक का शोरूम है। भूतल पर ही बाइक धुलाई के लिए प्रेशर मशीन लगी हुई थी, जो चालू थी। इसी दौरान रत्नाकर ने प्रेशर मशीन का स्टार्टर बंद करने की कोशिश की तभी करंट उतरने से वह चिपक गए। कुछ देर बाद जब साथी कर्मियों ने देखा तो उन्हें बेहोश पाया। उन्हें दुकान मालिक व स्थानीय लोग उन्हें लेकर आजमगढ़ पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह दो पुत्रियों के पिता थे।