31 कंधरापुर में लगी आग को बुझाने में जुटे लोग
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मछली मार्केट में मंगलवार दोपहर एक ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से लगी आग से दो दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बताते चलें कि एनएच-233 के किनारे स्थित मछली मार्केट में लगे ट्रांसफॉर्मर के पास लालचंद्र शर्मा और अखिलेश सोनकर सहित कई दुकानदार अपनी गुमटी और छप्पर की दुकानों में व्यवसाय कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी पास की दुकानों में फैल गई और फोम व अन्य ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली। स्थानीय लोग और हाइवे से गुजर रहे राहगीरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वे असफल रहे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दुकानदार अखिलेश सोनकर ने बताया कि इस हादसे में लगभग चार से पांच लाख रुपये का सामान जल गया है। लालचंद्र शर्मा की दुकान राख हो गई।