सगड़ी/मेंहनगर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगले के पास बृहस्पतिवार की देर रात करीब 10:30 बजे दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक दुकानदार मोफीद अहमद की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर, तरवां थाना क्षेत्र के सरायभादी निवासी हीरालाल यादव के पुत्र विकास यादव (13) को गांव के सामने शुक्रवार की दोपहर सवा दो बजे खरिहानी की तरफ जा रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें कक्षा छह के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
नगर पंचायत जीयनपुर के आजाद नगर मोहल्ला निवासी आफताब ने बताया कि उनका बेटा मोफीद अहमद (24) किसी दुकान पर सामान देकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार सत्यम यादव (30) निवासी सहदेवगंज थाना महाराजगंज और हिमांशु यादव जीयनपुर से नर्सिंग होम जा रहे थे।
डाक बंगले के सामने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे मोफीद अहमद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान जीयनपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सत्यम यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज आजमगढ़ में चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोफिद अहमद छह भाइयों में सबसे छोटे थे और जीयनपुर में मिठाई, टिकिया व समोसे की दुकान चलाते थे। जीयनपुर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई आफताब की तहरीर पर ट्रेलर चालक और बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तरवां थाना क्षेत्र के सरायभादी निवासी हीरालाल यादव के पुत्र विकास की माैत पर प्रधानपति रामनवल यादव ने बताया कि विकास साइकिल से गांव के सामने चिरैयाकोट-खरिहानी मार्ग पर दुकान से कुछ खरीदने गया था। इसी दौरान तेज गति से जा रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसमें छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में छोटा था।
वह बाल गोपाल इंटर कालेज बड़हलगंज में कक्षा 6 का छात्र था। मृतक के पिता खरिहानी बाजार में एक मीठा की दुकान पर मजदूरी करके जीविकोपार्जन करते हैं। हादसे के बाद मां मंशा देवी का रो-रोकर बेहोश हो जा रही हैं। थानाध्यक्ष चंद्रदीप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर ली जा रही है।
मृतक विकास यादव की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : गिलौला स्थित गैस एजेंसी पर पर सिलिंडर के लिए जुटी भीड़।