आजमगढ़। रानी की सराय थाने की पुलिस ने असम, अरुणाचल, कर्नाटक, त्रिपुरा में होने वाली एसएससी (जीडी) भर्ती में यूपी के अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी कोईलारी खुर्द गांव निवासी विद्यासागर, वीरेंद्र यादव और बलिया जिले के मुन्ना शर्मा भागे हुए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दिल्ली, लखनऊ और बलिया में दबिश दे रही है। अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जाएगा।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई चौका देने वाले खुलासे हुए। ये गिरोह कई राज्यों के फर्जी आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र व वोटर आईडी बनाते थे। इन फर्जी दस्तावेजों को बनाने और अर्द्ध सैनिक बल में नौकरी दिलाने के एवज में वह प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये लेते थे। इसके बाद भर्ती शुरू होने पर एसएससी (जीडी) की भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाते थे। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में इससे जुड़े कुल आठ ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इस मामले में भागे हुए आरोपी विद्यासागर, वीरेंद्र यादव और मुन्ना शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दिल्ली, लखनऊ व बलिया में दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के बैंक खातों को खंगाला जा रहा है। देखा जा रहा है कि उनके द्वारा अब तक कितने करोड़ का टर्नओवर किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।