बुनकर बहुल कस्बा मुबारकपुर टाउन स्थित विद्युत उपकेंद्र में 10 एमवीए का नया पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। इस पर एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निगम क्षेत्र में एक नया फीडर भी बनाएगा।
मुबारकपुर टाउन उपकेंद्र में 18 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। इनमें करीब चार हजार बुनकर भी शामिल हैं। यहां 10-10 एमवीए के दो और पांच एमवीए का एक पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। निगम छह फीडरों के माध्यम से कस्बे के उपभोक्ताओं और बुनकरों को बिजली की आपूर्ति करता है।
अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि कस्बे में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठीक है, लेकिन गर्मी के दिनों में ओवरलोड और ट्रिपिंग की समस्या खड़ी हो जाती है। इससे उपभोक्ताओं के साथ ही बुनकरों को भी परेशानी होती है, क्योंकि उनका पॉवरलूम प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि समस्याओं को देखते हुए उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए के पॉवर ट्रांसफॉर्मर की जगह 10 एमवीए का नया पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगाने और एक नया फीडर बनाने की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। सभी कार्यों पर एक करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नया फीडर बनने के बाद मुबारकपुर में फीडरों की संख्या सात हो जाएगी। इससे अन्य फीडरों का भार कम होगा और बुनकरों व उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
-वर्जन
बुनकर बहुल क्षेत्र मुबारकपुर टाउन उपकेंद्र में एक करोड़ रुपये से पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगाने और नया फीडर बनाने का काम होगा। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। क्षमता बढ़ने से उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। -गौरव तिवारी, अधीक्षण अभियंता