मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चट्टी के पास मंगलवार शाम साढ़े तीन बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने स्वयं सहायता समूह कंपनी के एक एजेंट को तमंचे से भयभीत कर एक लाख रुपया लूट लिया। इसके बाद बदमाश गोसाई की बाजार की ओर भाग गए। एजेंट ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
लूट की सूचना से हलाकान सीओ लालगंज, एसओ मेंहनगर घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गए। शहर कोतवाली अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर गांव निवासी अनंत मौर्या पुत्र मिट्ठू प्राइवेट कंपनी सैंटिंग केयर क्रेडिट का एजेंट है।
यह कंपनी स्वयं सहायता समूह की तर्ज पर रोजगार के लिए जरूरतमंद महिलाओं को ब्याज पर रुपया देती है। बाद में इसके एजेंट रुपये वसूलते हैं। अनंत मौर्या मंगलवार को मेंहनगर कस्बा में पहुंचा। वहां कई महिलाओं के घर जाकर करीब एक लाख रुपये इकट्ठा किया। इसके बाद बाइक से लालगंज बाजार की ओर जाने लगा।
जैसे ही वह कटात चट्टी नहर पुलिया के समीप पहुंचा, पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और ओवरटेक कर रोक दिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए उसके पास मौजूद बैग छीन लिया। इसमें एक लाख रुपया और कुछ आवश्यक कागजात थे। कटात चट्टी के पास लूट होने की सूचना पर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्रीय लोगों की मदद से अनंत ने घटनाक्रम से एसओ मेंहनगर को अवगत कराया।
दिनदहाड़े लूट की वारदात से हलाकान सीओ लालगंज एसपी तोमर, एसओ मेंहनगर कुमुद शेखर मौके पर पहुंचे। कंपनी एजेंट से पूछताछ करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गए। सीओ ने बताया कि घटना की अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।