ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव के पास शनिवार की देर रात अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की जहां मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजेपुर गांव निवासी 35 वर्षीय संजय पुत्र रामजीत व 33 वर्षीय रामनरेश पुत्र रामदुलार पेटिंग का काम करते थे। दोनों शनिवार को ठेकमा बाजार में कहीं काम कर रहे थे। देर शाम दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे कि राजेपुर गांव के पास ही पीछे से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें धक्का मार दिया। इस हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। जौनपुर अस्पताल पर भी डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस पर परिजन दोनों को लेकर वाराणसी रवाना हुए लेकिन संजय की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं रामनरेश का वाराणसी में इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने संजय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पिता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ थाने पर तहरीर दिया है।