आजमगढ़। यूरिया की कालाबाजारी मामले में सील किए गए साधन सहकारी समिति पारा मिश्रौली के गोदाम का ताला खोलने के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन होगा। सहकारिता विभाग डीएम को पत्र भेजने की तैयारी कर रहा है। जांच के दौरान गोदाम में जो कमियां पाई जाएंगी, उसके आधार पर विभाग समिति के सचिव पर अलग से प्राथमिकी दर्ज कराएगी। बीते मंगलवार को ट्रैक्टर ट्राली से कालाबाजारी के लिए जा रही यूरिया को किसानों ने पकड़ा था। पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर- ट्राली सहित यूरिया को अपने कब्जे में ले लिया वहीं, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एडीओ को- ऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव ने पारा मिश्रौली समिति के गोदाम को सील कर दिया। तब से गोदाम बंद है। एआर को- ऑपरेटिव अजय कुमार ने बताया कि सील गोदाम को खोलने के लिए डीएम द्वारा चार सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा। इसके लिए कार्यालय में पत्र तैयार किया जा रहा है। होली की छुट्टी खत्म होने के बाद इसे डीएम के पास भेजा जाएगा
सचिव, चालक पर पहले ही दर्ज हो चुकी है प्राथमिकी-किसानों में वितरण के लिए आई 136 बोरी यूरिया की कालाबाजारी करने के मामले में बीते शुक्रवार को सचिव और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एडीओ को- ऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव ने अहरौला थाने में समिति के सचिव सुधीर कुमार सिंह और चालक राजीव जायसवाल पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डीएम को पत्र भेजने की तैयारी चल रही है। उनके द्वारा गठित टीम में जो लोग शामिल होंगे, उनकी मौजूदगी में ताला खोला जाएगा। जांच में जो कमियां मिलेगी, उसके आधार पर सचिव पर अलग से प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। अजय कुमार, एआर सहकारिता।