क्रास कंट्री दौड़ में प्रतिभाग करती रिक्रुट। संवाद
- फोटो : credit
रानी की सराय। रानी की सराय क्षेत्र में रविवार को वाराणसी-लुंबनी मार्ग पर आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में 600 रिक्रूट्स ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस द्वारा सुबह चार बजे से नौ बजे तक अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। एसपी ट्रैफिक विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान रिक्रूट्स के आगे एसएचओ, फायर टेंडर और एंबुलेंस तैनात रही, जबकि पीछे भी इसी तरह की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा 25 आरक्षी प्रशिक्षु बाईं ओर और 25 दाईं ओर लगाए गए थे। सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में दो इंस्पेक्टर, चार सब इंस्पेक्टर, 120 मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल रहे। एसपी ट्रैफिक विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वाराणसी एवं जौनपुर से एनएच-128 के माध्यम से आने वाले वाहनों को कोटिला मार्ग से कस्बा रानी की सराय भेजा गया, जहां से सेमरा अंडरपास होते हुए उन्हें गंतव्य की ओर रवाना किया गया। वहीं आजमगढ़ से जौनपुर व वाराणसी जाने वाले वाहन सेमरा अंडरपास होकर कस्बा रानी की सराय और कोटिला मार्ग से आगे बढ़े। भंवरनाथ की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। पुलिस व यातायात विभाग की सतर्कता के चलते प्रतियोगिता और यातायात व्यवस्था दोनों सुचारू रूप से संचालित रहीं।