भारतीय स्टेट बैंक निजामाबाद के सामने किराए के मकान में रहने वाले रिटायर बैंक मैनेजर बुधवार की दोपहर संदिग्ध हाल में लगी आग से झुलस गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के पेड़रा गांव निवासी जगदीश प्रसाद (62) पुत्र जोखू काशी गोमती संयत ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त हैं। वह सिधारी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर मुहल्ले में खुद का मकान बनाकर पत्नी, दो बेटे और एक बेटी के साथ रह रहे थे। बताया जाता है कि नौकरी के दौरान जगदीश प्रसाद का निजामाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से प्रेम संबंध हो गया।
इसके बाद जगदीश उससे मिलने के लिए अक्सर यहां आते रहते थे। करीब दो माह पूर्व पुन: परिवारवालों से विवाद होने के बाद जगदीश अपना घर छोड़ कर यहीं रहने लगे। निजामाबाद कस्बा स्टेट बैंक की शाखा में किराया का कमरा लेकर रह रहे थे। यहीं पर उनकी प्रेमिका भी आकर रहती थी।
बुधवार की दोपहर जगदीश अपने कमरे में मौजूद थे। उनके कमरे से तेज धुआं और आग की ऊंची उठती लपटें देख आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। लोग आग पर काबू पाने के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। थानाध्यक्ष निजामाबाद आजम अली खान ने बताया कि तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।