बलरामपुर। देवगांव थाना क्षेत्र के सराय खुरचून गांव निवासी हरिश्चंद राजभर (45) की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, हरिश्चंद राजभर 08 दिसंबर (सोमवार) की दोपहर करीब 2 बजे बाजार से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सराय मोड़ पर पहुंचते ही पल्हना की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी।
इससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शनिवार की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक हरिश्चंद एक पुत्र और दो पुत्रियों के पिता थे। वे मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि सूचना मिली हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।