08 : मंगई नदी पर ग्रामीणों के चंदे से बना ईंट का पुल।- संवाद
- फोटो : संवाद
आजमगढ़। मेंहनगर के कुर्थिया गांव के पास मंगई नदी पर पुल बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इसके लिए 6.15 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। पुल बनने से मेंहनगर और जहानागंज ब्लाॅक के कई गांवों का अब सीधा जुड़ाव शुरू होगा।
मेंहनगर ब्लाक के कुर्थियां और जहानागंज ब्लाक के शेरपुर कुटी गांव के बीच मंगई नदी पर 6.15 करोड़ की लागत से पुल बनाया जाएगा। अभी तक कई दशकों से कुर्थिया गांव के पास नदी पर पहले ग्रामीण बांस-बल्ली का चह बनाकर नदी को आर-पार करते थे।
बाद में ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर ईंट से संकरा पुल बनवाया। इस पर पैदल और बाइक का आवागमन होता है। इस मार्ग से रघुनाथपुर, जगदीशपुर, मैनीपुर, खरगपुर, रायपुर पट्टी, मानपुर, देवकली, कुर्थिया, बासगांव, फिनिहिनी आदि कई गांवों के लोगों का रोजाना आना-जाना होता है।
दशकों से क्षेत्र के ग्रामीण नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। हर लोकसभा व विधानसभा चुनावों में यह पुल मुद्दा तो बनता था पर कभी धरातल पर नहीं उतर पाया।
अब योगी सरकार ने दर्जनों गांवों के लोगों की सहूलियत को देखते हुए पुल की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है।