आजमगढ़। कृषि विभाग जिले के किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। नेशनल मिशन फॉर नैचुरल फॉर्मिंग के लिए अप्रैल से विभाग काम शुरू करेगा। अभियान के तहत सात ब्लॉकों से 2750 किसानों का क्लस्टर तैयार किया जाएगा। उन्हें प्रशिक्षण और संसाधन विभाग मुहैया कराएगा।
जिले में कुल 22 ब्लॉक हैं इनमें से सठियांव, हरैया, अजमतगढ़, महाराजगंज, अतरौलिया और फूलपुर ब्लॉक के 30 गांवों का चयन नेशनल मिशन फॉर नैचुरल फर्मिंग के तहत किया गया है। गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढावा देने के लिए विभाग किसानों का क्लस्टर बनाकर जोड़ेगा। क्लस्टर गठन की रिपोर्ट विभाग राज्य कृषि निदेशालय को भेजेगा। वहां से प्रशिक्षण और संसाधन का बजट जारी किया जाएगा। रासायनिक दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा देने की मुहिम चलाई जा रही है। नेशनल मिशन फॉर नैचुरल फार्मिंग के तहत चयनित विकास खंडों के गांवों में संख्या के हिसाब किसानों का क्लस्टर तैयार किए जाएंगे। सभी को शासन की तरफ से गाय आधारित खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। गाय के गोबर और गोमूत्र से खाद बनाने के उपकरण भी क्लस्टर में शामिल किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
नेशनल मिशन फॉर नैचुरल फॉर्मिंंग के लिए चयनित ब्लॉक में किसानों को क्लस्टर बनाकर उन्हें प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशिक्षण, संसाधन आदि का प्रबंध कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रयास किया जाएगा।-मुकेश कुमार, उप कृषि निदेशक