आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी व हार्डवेयर कारोबारी मुकर्रम अली के सात साल के बेटे शाजेब अली की कारोबारी रंजिश में गला रेतकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे घर के बगल के गेट के पास तार पर बोरे में बच्चे का शव लटकता मिला। परिजनों ने पड़ोसी शैलेंद्र निगम पर हत्या का आरोप लगाते हुए जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पांच थानों की पुलिस और पीएसी पहुंच गई। परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना के विरोध में लोगों ने दुकानों को भी बंद रखा। इधर, शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस ने इटाैरा में डेंटल काॅलेज के पास से मुख्य आरोपी शैलेंद्र निगम उर्फ मंटू और उसके छोटे भाई राजा को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। शैलेंद्र के पैर में दो गोली और संदीप के पैर में एक गोली लगी है। एडिशनल एसपी चिराग जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों ने कारोबारी रंजिश में वारदात को अंजाम देना कबूला है। मुकर्रम अली और शैलेंद्र निगम की हार्डवेयर दुकानें आसपास हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोला, हाइडिल चौराहे के पास रहने वाले मुकर्रम अली ने बताया कि बेटा शाजेब बुधवार की शाम घर से लापता था। इसकी सूचना शाम करीब सात बजे सिधारी थाने पर दी थी। पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे किसी ने फोन कर फिरौती मांगी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस सर्विलांस के माध्यम से फोन नंबर का पता ही कर रही थी कि सुबह करीब 11 बजे शाजेब का शव उसके घर के बगल में लगे गेट के ऊपर तार से लटकते बोरे में मिला। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया।
सूचना पर एडिशनल एसपी चिराग जैन मौके पर पहुंच गए। पांच थानों की पुलिस व पीएसी भी बुला ली गई। फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंची। परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर आरोपी की दुकान के सामने दरी बिछाकर धरने पर बैठे गए।
फिरौती के लिए आया था फोन
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि परिजनों ने बताया कि सुबह सात बजे एक कॉल फिरौती के लिए आई थी। सर्विलांस टीम पता लगा रही थी कि दिन में करीब 11 बजे बच्चे का शव बोरे में तार से लटकता मिला। जो फोन आया था, वह परिजनों को और पुलिस को भटकाने के लिए आया था।
पड़ोसी की छत पर मिले खून के निशान
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अब तक की जांच में यह पता चल रहा है कि परिजन जिस पर आरोप लगा रहे हैं, उसी की छत पर खून के निशान मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में स्पष्ट होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा विधायक
सिधारी थाना क्षेत्र के पठानटोला में बच्चे की हत्या की जानकारी मिलते ही सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। कहा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए वह अधिकारियों से भी बात करेंगे। एक दिन पूर्व लापता बालक का शव बोरे में तार पर लटकते मिलने की सूचना मिली। मौके पर फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम पहुंची। भीड़ को काबू करने के लिए पांच थानों की पुलिस व पीएसी लगाई गई। परिवार की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। जांच चल रही है। - डाॅ. अनिल कुमार, एसपी आजमगढ़।
मासूम घूमाने के बहाने ले गया फिर गायब करके की हत्या
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में पठान टोला निवासी मासूम को आरोपी पड़ोसी ने घुमाने के बहाने ले गया। इसके बाद झूला झुलाया फिर उसको गायब करके उसकी हत्या कर दी। वहीं वारदात के बाद आरोपी मासूम के घर जाकर पूछता रहा अभी मिला कि नहीं। दूसरे दिन लापता सात वर्षीय शाजेब अली का शव उसके घर के बगल में लगे गेट पर तार में बोरे में लटका मिला। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जमीनी विवाद और व्यावसायिक स्पर्धा में मासूम की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू और राजा निगम को इटौरा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी मुकर्रम अली का पुत्र शाजेब अली बुधवार की शाम घर से निकला था और लापता हो गया था। परिजनों ने शाम करीब सात बजे इसकी सूचना पुलिस को दी थी। मासूम शाजेब की मां जैस्मिन ने बताया कि आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू उनके पुत्र को घुमाने लेकर गया था। इसके बाद उसे झुला झुलाया। इसके बाद से शाजेब लापता हो गया। शाजेब की मां ने बताया कि मंटू बार-बार उसके घर आकर पूछ रहा था कि शाजेब मिला या नहीं। मां ने बताया कि शाजेब के पिता के मोबाइल पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे 12 लाख की फिरौती के लिए फोन आया था। पुलिस अभी तलाश कर रही थी कि शाजेब का शव उसके घर के बगल में ही मिला। परिजनों ने पड़ोसी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के दोनों पैर में लगी गोली
एसपी डाॅ. अनिल कुमार ने बताया किइटौरा के पास खेमऊपुर गांव के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू और उसका भाई राजा निगम भी आया। तभी पुलिस को देख दोनों भागते हुए पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जिसमें मुख्य आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू के पैर में दो गोली लगी और राजा निगम के पैर में एक गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के पास दो तमंचा और कारतूस बरामद किया। इधर, पुलिस की मौजूदगी में 10:16 पर परिजनों ने शव को सुपुर्देखाक किया। इस दौरान पुलिस ने हाइडल चौराहा से सिधारी चौराहा तक मार्ग को बंद रखा। पूरा मार्ग छावनी में तब्दील थी। वहीं ड्रोन कैमरे से निगरानी होती रही
19 सिधारी के पठान टोला में बोरे में बच्चे का शव मिलने के बाद रो-बिलखते परिजन। संवाद
19 सिधारी के पठान टोला में बोरे में बच्चे का शव मिलने के बाद रो-बिलखते परिजन। संवाद