आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के डीहवा तरौधी गांव निवासी हरेन्द्र यादव ने थाना तहबरपुर में तहरीर देकर अपने और पड़ोसी के खेत के विवाद को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं विद्युत विभाग की ओर से भी आरोपी के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बताते चलें कि तहबरपुर थाना क्षेत्र के डीहवा तरौधी गांव में एक व्यक्ति द्वारा खेत की घेराबंदी कर दौड़ाएं करंट से चाची और भतीजे की मौत हो गई थी। इस में मृत भतीजे के चाचा हरेन्द्र यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके खेत के पास लालचन्द्र यादव और अन्य के खेत हैं। लालचन्द्र यादव ने अपने खेत के चारों ओर 440 वोल्ट के विद्युत तार लगाकर घेराबंदी कर रखी थी, जिससे पहले भी कई ग्रामीण चपेट में आने से घायल हो चुके हैं।
22 अक्तूबर की सुबह उनके भाई के पुत्र धीरज यादव और उनकी पत्नी रजनी यादव खेत से लौट रहे थे, तभी वे खुले विद्युत तार की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने पुलिस से उक्त मामले में दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने लालचंद्र यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं विद्युत निगम की ओर से तहबरपुर के एसडीओ अंकित शर्मा ने लालचंद्र के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि हरेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।