आजमगढ़। सहकारी समिति कर्मचारी संघ की बैठक गुरुवार को कुंवर सिंह उद्यान में हुई। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बाद में तीन सूत्री मांगाें का ज्ञापन सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता को भेजा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं होती है तो कर्मचारी आंदोलन को बाध्य होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह ने कहा कि जिले में लगभग 14 कर्मचारियों का अकारण हस्ताक्षर अमान्य किया गया है। इन कर्मचारियों का हस्ताक्षर अविलंब मान्य किया जाए। ताकि वे कर्मचारी सुचारु रूप से कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि जिले में समिति कर्मचारियाें के वेतन का निर्धारण आज तक नहीं किया गया। जिसमें जिले के कर्मचारियों के वेतन में गंभीर अनियमितता है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं किया गया तो सभी कर्मचारी आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर जबरनाथ सिंह, नरेंद्र सिंह, शिवशंकर यादव, अशोक कुमार, विजय प्रताप सिंह, रजनीश कुमार सिंह, उमाशंकर यादव, मान बहादुर सिंह, छविनाथ, नागेंद्र पाल, अर्जुन प्रसाद, शिवशंकर यादव, रामकेवल प्रसाद, रामदरश यादव, महातम यादव, नागेन्दर यादव आदि उपस्थित थे।