आजमगढ़। अति पिछड़ा/अति दलित राष्ट्रीय महासंघ की तरफ से सोमवार को मेहता पार्क में रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सभी राजनौतिक दलों ने अति पिछड़ा समाज को छलने का कार्य किया है। रैली में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व कुलपति डा. पीसी पातंजलि और विशिष्ट अतिथि के रूप में उदित राज उपस्थित थे।
रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने अति पिछड़े एवं अति दलित समाज के प्रति केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की उपेक्षापूर्ण रवैये पर घोर आपत्ति जताई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल ने आज तक इस समाज को हक और अधिकार को नहीं दिया। बल्कि समय-समय पर वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया।। समाज के लोग सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनैतिक क्षेत्र में पिछड़े रहे। वक्ताओं ने डा. छेदीलाल साथी सर्वाधिक पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट अक्षरश: तत्काल लागू किए जाने, वरिष्ठ नागरिक, विधवा, विकलांग, निराश्रित को बिना शर्त तीन हजार रुपया पेंशन दिए जाने, गरीबी रेखा समाप्त कर अमीरी रेखा खींचे जाने, पिछड़ी जाति और अनुसूचित जाति का आरक्षण आबादी के आधार पर बढ़ाये जाने की मांग की। इस अवसर पर किशन लाल पांचाल, बेेचे सिंह पाल, सूर्यमुखी गोंड, एसपी विश्वकर्मा, चौधरी लौटन राम निषाद, राजेन्द्र प्रजापति, गोपाल निषाद, भवननाथ पासवान, हेमंत कुशवाहा, आरएल गुप्ता, प्रेमशंकर बारी, झारखंडे प्रसाद आदि उपस्थित रहे। रैली की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वदेव मौर्य तथा संचालन जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह चौहान ने किया।