कटानी बाजार। महराजगंज थाना के दसराज पट्टी गांव में गुरुवार की सुबह ट्यूबवेल जा रहे शत्रुघ्न सिंह पर पट्टीदारों ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला कर दिया। बचाव को आगे बढ़े भतीजे को भी गोली मार दी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जबकि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग खड़े हुए। दूसरी तरफ फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। दोनों को पीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है चार दिन पूर्व गेहूं की मड़ाई के दौरान भूसा उड़ने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद उपजा था। यही विवाद गुरुवार को खूनी बन गया। जबकि विवाद के बाद ही एक पक्ष से महराजगंज थाने में शिकायत की गई थी। लेकिन पुलिस शांत रही।
गांव निवासी शत्रुघ्न सिंह (36) पुत्र स्व. शिवशंकर सिंह और देवेंद्र सिंह (21) पुत्र सत्यजीत सिंह चाचा भतीजा हैं। घायल के अनुसार चार दिन पूर्व वे अपने दरवाजे पर ट्रैक्टर लगाकर गेहूं की मड़ाई में लगे थे। इस दौरान तेज हवा चलने की वजह से भूसा पट्टीदारों के दरवाजे पर जाने लगा। पट्टीदारों ने मड़ाई रोकने को कहा। मड़ाई नहीं रोकने पर पट्टीदारों ने बवाल काटा। हालांकि गांव के लोगाें के हस्तक्षेप मामला शांत हो गया था। इस बाबत शत्रुघ्न सिंह के बड़े भाई अखंड सिंह ने महराजगंज थाने में शिकायती पत्र भी दिया था।
इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर, गुरुवार की सुबह जब शत्रुघ्न सिंह घर से ट्यूबवेल पर जा रहा था। तभी रास्ते में घात लगाए मनबढ़ों ने हमला बोल दिया। शत्रुघ्न की चीखपुकार सुनकर भतीजा देवेंद्र भागकर पहुंचा। हमलावरों ने उसे गोली मार दी। थानाध्यक्ष महराजगंज संजय द्विवेदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।