आजमगढ़। पल्हनी ब्लाक अंतर्गत हथिया ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने लोक जनशक्ति पार्टी के नेतृत्व में विकास भवन के समक्ष प्रदर्शन कर सुविधाओं की मांग की। डा.लोहिया समग्र विकास योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं से वंचित किए जाने का आरोप लगाते हुए सीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश महासचिव बुधिराम पासवान ने कहा कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और नौकरशाहों की मिलीभगत से पात्रों को लोहिया योजना से दूर रखने की साजिश की जा रही है। योजनाओं का लाभ देने के बदले सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में लोक जन शक्ति पार्टी के पदाधिकारी राधेमोहन गोयल, रमेश चंद्र, अनिल, केदार निषाद, प्रमोद के अलावा गांव की महिलाओं में प्रमुख रूप से माया देवी, सावित्री, अंती देवी, संगीता,मंजुला, सुधा, उर्मिला देवी, गिरिजा देवी, उषा, गुड़िया, राधिका, सुनीता, ज्ञानमती, उर्मिला, इशरावती, शारदा, रेशमा आदि महिलाएं रहीं।
पवई संवाददाता के अनुसार कांग्रेसी नेता आद्या प्रसाद सिंह ने कहा कि पवई ब्लाक की 84 ग्राम पंचायतों में डा.लोहिया आवास के चयन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। ग्राम पंचायतों की खुली बैठक के लिए कुछ ग्राम पंचायतों को छोड़ अन्य को सूचना तक नहीं दी गई।