आजमगढ़। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के प्रतिष्ठापरक अध्यक्ष पद सहित विभिन्न पदों पर गुरुवार को काफी गहमागहमी के बीच चुनाव संपन्न हो गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर सुरेंद्र सिंह और महामंत्री पद पर महेंद्र प्रताप सिंह ने कांटे के मुकाबले में अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए कब्जा जमाया। मतदान को लेकर सुबह से ही अपने अपने प्रत्याशियों को वोट करने के लिए अधिवक्ता जुटने लगे थे। इसमें 407 मतदाताओं में 392 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में बार एसोसिएशन का गुरुवार की सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जो अपराह्न साढ़े तीन बजे तक चला। इसके बाद मतगणना शुरू की गई। तत्पश्चात शाम साढ़े छह बजे तक चुनाव परिणाम घोषित किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर सुरेंद्र सिंह को 197 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी व पूर्व अध्यक्ष श्रीराम यादव को 189 मत प्राप्त हुए। इस तरह कांटे की टक्कर में सुरेंद्र सिंह को 8 मतों से विजई घोषित किया गया। मंत्री पद पर मैदान में उतरे महेंद्र प्रताप सिंह 188 वोट पाकर विजई घोषित हुए। इनके निकटतम प्रतिद्वंदी अरविंद पाठक को 177 वोट पर संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर मो.राशिद 251 वोट पाकर निर्वाचित हुए। प्रतिद्वंदी दीपक श्रीवास्तव को 137 वोट मिले। सहमंत्री प्रकाशन पद पर बालकृष्ण यादव और श्यामजीत यादव के बीच मुकाबले में बालकृष्ण यादव 184 वोट पाकर निर्वाचित हुए। जबकि उनके प्रतिद्वदी श्यामजीत यादव को 104 वोट पर संतोष करना पड़ा। सहमंत्री पुस्तकालय पद पर रामशब्द यादव 202 वोट पाकर विजई हुए। मनोज कुमार राय 188 वोट से दूसरे स्थान पर रहे। जबकि पांच उपाध्यक्ष पदों पर अबु सोफियान, भृगुनाथ राय, प्रेम सागर राय, रामजनम चतुर्वेदी संदीप प्रकाश सिंह निर्विरोध चुने गए। सहमंत्री प्रशासन पद पर जगदीश सिंह भी निर्विरोध चुने गए।
निर्वाचन अधिकारी/एल्डर कमेटी के चेयरमैन महेंद्रनाथ राय ने बताया कि बार के वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए जयप्रताप सिंह, अंसार अहमद, सादिक अली रिजवी, प्रभुनाथ राय, रामबदन यादव, नसीम अहमद, कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए विश्वजीत, विजय प्रताप पांडेय, अजीत सिंह, गोविंद यादव, महेंद्र राम, शैलेंद्र तिवारी निर्विरोध चुने गए।