फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सामूहिक नकल में परीक्षा निरस्त

Thu, 21 Mar 2013 05:31 AM IST
Azamgarh
विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की चल रही बोर्ड परीक्षा के दौरान बुधवार को इंटरमीडिएट इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में जमकर नकल हुई। इसका परिणाम रहा कि विक्रम इंटर कालेज लाटघाट में जहां एक परीक्षार्थी को रेस्टिकेट किया गया। वहीं पंचायत इंटर कालेज रेड़ा तरवां की सामूहिक नकल के आरोप में परीक्षा निरस्त कर दी गई। इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक सहित पांच लोगों के विरुद्ध तरवां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसीक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक रामचेत ने प्रथम पाली में ड्यूटी के प्रति लापरवाह तीन कक्ष निरीक्षकों को कार्यमुक्त करने का आदेश दिया।
विज्ञापन

सगड़ी तहसील के विक्रम इंटर कालेज लाटघाट में इंटरमीडिएट इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान सप्तम सचल दस्ता के प्रभाकर मिश्रा ने एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा और रस्टीकेट कर दिया। इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक रामचेत ने प्रथम पाली की इंटर इतिहास की परीक्षा के दौरान केशव ब्रह्म इंटर कालेज गढ़कौसिक कप्तानगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान विषय अध्यापक राजेश यादव कक्ष निरीक्षक के रूप में कार्य कर रहे थे। जो ड्यूटी के प्रति लापरवाह दिखे। डीआईओएस ने उन्हें तत्काल कार्यमुक्त कर दिया। इसीक्रम में उर्मिला मेमोरियल इंटर कालेज भोराजपुर बूढ़नपुर का निरीक्षण करने के दौरान संदिग्ध मिले कक्ष निरीक्षक ईश्वरचंद्र गुप्ता व जनार्दन प्रसाद को कार्यमुक्त किया। इसके अलावा सायंकालीन परीक्षा में शासन द्वारा नियुक्त मंडलीय पर्यवेक्षक श्रीमती सुशीला दास के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक ने इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान इंदिरा गांधी इंटर कालेज कोयलसा, उद्योग इंटर कालेज कोयलसा, किसान बालिका इंटर कालेज एकड़गी, इंटरमीडिएट कालेज कप्तानगंज, श्री दुर्गा जी इंटर कालेज सेंहदा, एसकेपी इंटर कालेज आजमगढ़ तथा शिब्ली नेशनल इंटर कालेज आजमगढ़ का सघन निरीक्षण किया। शाम की परीक्षा के दौरान कोई भी नकलची परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया।
मेंहनगर संवाददाता के अनुसार पंचायत इंटर कालेज रेंड़ा तरवां में चल रही इंटर इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान एसडीएम मेंहनगर पुल्कित खरे ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत इंटर कालेज रेंड़ा तरवां में तीन कमरों में कुल 106 छात्राएं व पांच छात्र परीक्षा देते हुए पाए गए। कक्ष संख्या 15 में कक्ष निरीक्षक श्रीमती अनामिका सिंह, श्रीकांत, कक्ष संख्या 16 में कक्ष निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कक्ष संख्या 17 में कक्ष निरीक्षक हरिओम सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन उपस्थिति पंजिका का मिलान किया गया तो कक्ष संख्या 17 में तैनात विषय अध्यापक कक्ष निरीक्षक हरिओम सिंह कक्ष संख्या 15 में पाए गए तथा कक्ष संख्या 15 में तैनात कक्ष निरीक्षक श्रीकांत कक्ष संख्या 17 में पाए गए। कापियों का मिलान करने पर पता चला कि सामूहिक रूप से जुमला बोलकर नकल कराई गई है। एसडीएम ने भारी अनियमितता व सामूहिक नकल में एसडीएम ने पूरे विद्यालय की परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की है। इसके अलावा विद्यालय को अगले साल केंद्र न बनाने के लिए डीआईओएस व जिलाधिकारी को पत्र भी प्रेषित किया है। इस मामलें में सेक्टर मजिस्ट्रेट आरबी सिंह ने तरवां थाने में केंद्र व्यवस्थापक रामकृपाल सिंह, कक्ष संख्या 15 में तैनात कक्ष निरीक्षक श्रीमती अनामिका सिंह, श्रीकांत, कक्ष संख्या 16 में तैनात कक्ष निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कक्ष संख्या 17 में तैनात कक्ष निरीक्षक हरिओम सिंह सहित पांच लोगाें के विरुद्ध तरवां थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें